UPSC कैंडिडेट को बस में फ्री सफर : राजस्थान रोडवेज में 20 फरवरी को रहेगी निशुल्क यात्रा, एडमिट कार्ड व फोटो आईडी दिखानी होगी

 


लोक संघ सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से करवाई जाने वाली दो परीक्षा के लिए राजस्थान रोडवेज ने फ्री यात्रा की सुविधा शुरू की है। इन दो परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों को 20 फरवरी को फ्री यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए राजस्थान के निवासी अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड और फोटो आईडी कार्ड दिखाना होगा।


राजस्थान रोडवेज से मिली रिपोर्ट के मुताबिक 20 फरवरी को यूपीएससी की ओर से इंजीनियरिंग सर्विस और कम्बाइंड जीयो साइंटिस्ट का एग्जाम आयोजित करवाया जा रहा है। इस एग्जाम में राजस्थान के निवासी जो अभ्यर्थी के तौर पर एग्जाम देंगे वे अभ्यर्थी राजस्थान रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस सर्विस की बस में राजस्थान सीमा के अंदर एग्जाम वाले दिन फ्री यात्रा कर सकते है। इस सुविधा का लाभ अभ्यर्थियों काे 3 दिन तक मिलेगा। अमूमन अभ्यर्थी को एग्जाम सेंटर अगर कहीं दूर जिले में होते है तो उसे एक दिन पहले पहुंचने और देर शाम एग्जाम देने के बाद अगर बस उस दिन बस नहीं मिले तो अगले दिन बस में सफर करके वापस अपने घर तक लौट सके।

बजट में की थी घोषणा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में फ्री यात्रा की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत मुख्यमंत्री ने राजस्थान सरकार की वैकेंसी के साथ-साथ केन्द्र सरकार की ओर से निकाली गई वैकेंसी के लिए राजस्थान निवासी अभ्यर्थियों को रोडवेज की बसों में फ्री आने-जाने की सुविधा दी जाएगी। इसी घोषणा के तहत रोडवेज की ओर से हर सरकारी भर्ती के एग्जाम में राजस्थान के अभ्यर्थियों को आने-जाने के लिए फ्री यात्रा की सुविधा देती है।