अजमेर जिले के मसूदा थाना क्षेत्र के एक गांव से तेरह साल की नाबालिग लड़की लापता हो गई। नाबालिग सामूहिक भोज में खाना खाने गई थी। जो वापस नहीं लौटी। पिता ने मोहल्ले के एक युवक पर शक जताया है। साथ ही कहा कि आरोपी युवक अपनी बकरियां बेचकर डेढ़ से दो लाख रुपए भी लेकर गया है। मसूदा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पिता ने दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी 13 साल की बेटी समूह भोज के कार्यक्रम में जाने की कहकर 18 फरवरी को दोपहर साढे़ तीन बजे घर से निकली। शाम सात बजे तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसकी तलाश की। लेकिन वह कहीं नहीं मिली। उसका रंग सांवला एवं चेहरा लम्बा, कद करीब 5 फीट है। इसी दौरान पता चला कि गांव के मोहल्ले में रहने लड़का भी अपने घर पर नहीं है। यह भी पता चला कि वह अपनी मोटरसाइकिल को बांदनवाडा में चौराहे पर खड़ी करके जयपुर जाने की कहकर गया था।
मोटरसाइकिल को बाद में उसका बड़ा भाई वापस लेकर आया। उसके परिजनों से पूछताछ की तो बताया कि वह बकरियां बेचकर करीब डेढ़-दो लाख रुपए लेकर गया है। उसका मोबाइल भी स्वीच ऑफ है। रिपोर्ट में बताया कि यदि उनकी पुत्री उसके साथ है तो पुत्री को जान व इज्जत का खतरा है। अत: मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
SOURCE : दैनिक भास्कर