ब्यावर में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। विवाहिता का आरोप है कि निकाह के बाद उसका शौहर और ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए मारपीट करते थे। परेशान होकर वह मायके आई तो यहां आकर गाली-गलौच कर धमकियां देने लगे। बीबी ने शौहर पर मेहबूबा के साथ समय बिताने का आरोप भी लगाया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
ब्यावर में सुराणा नगर निवासी 23 वर्षीय विवाहिता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका निकाह 15 अप्रैल 2018 को चाकसू जयपुर निवासी मोहम्मद रिजवान से मुस्लिम रिवाज अनुसार वैवाहिक सम्मेलन में हुआ था। निकाह के वक्त परिवार और समाज ने स्त्रीधन व उपहार दिए थे। शादी के एक साल बाद एक जुलाई 2019 को पुत्री का जन्म हुआ। पति और ससुराल के सभी लोगों का ख्याल रखने के बावजूद उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज की मांग करते हुए पति, सास, ससुर व ससुराल के अन्य लोग मारपीट कर गालियां देते थे। ससुराल वाले पांच लाख रुपए व बाइक की मांग करने लगे।
प्रेमिका के साथ रात गुजारता शौहर
पीड़िता के मुताबिक, उसके शौहर रिजवान की शाहीना नामक लड़की से दोस्ती है। वे दोनों घंटों तक मोबाइल फोन पर आपस में बातें करते। कई बार शौहर रात में घर नहीं आता और उससे पूछती तो शाहिना के साथ रात गुजारने की बात कहकर मारपीट करता था।
दहेज लोभी है आरोपी परिवार
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज लोभी है। दहेज के कारण जेठ का भी निकाह के 2-3 माह बाद तलाक हो गया था। पीड़िता के पिता ने बेटी का घर बचाने के लिए दो लाख रुपए नकद दिए तो आरोपियों को लालच आ गया और डिमांड बढ़ती गई। 7 नवंबर 2021 को सभी ने बेरहमी से मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। तब से वह पीहर में है। गत दिनों ससुराल वाले एकजुट होकर आए और पीड़िता व उसके परिवार से मारपीट की।
एसाईटी को सौंपी जांच
पुलिस ने चाकसू जयपुर निवासी पति मोहम्मद रिजवान, ससुर मोहम्मद ईशाक, सास जरीना, जेठ जावेद उर्फ चांद, जेठानी शहनाज, ननद नसीराबाद निवासी शबनम खान के खिलाफ मामला दर्ज कर एसआईटी सेल को जांच सौंपी है।
