ब्यावर में लगभग हर रोज दहेज प्रताड़ना के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें कई हैरान करने वाले मामले भी सामने आते हैं। ताजा मामले में एक पत्नी ने शादी के 18 साल बाद अपने रिटायर्ड फौजी पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि उसका पति दहेज मांगता है और शराब पीकर मारपीट करता है। आरोपी पांच बच्चों का पिता है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शराब पिलाकर जान से मारने की कोशिश
ब्यावर के निकट रेल का बाडिया हाल सिंघाड़िया गांव निवासी एक 38 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 18 साल पहले हरफूल सिंह के साथ हुआ था। शादी के उसी साल हरफूल का भारतीय सेना में चयन हो गया। अवकाश के दिनों में वह घर आता था। वैवाहिक जीवन से उसके पांच बच्चे हुए। इनमें 2 बेटियां और तीन बेटे हैं।
अब हरफूल सेना से रिटायर्ड होने के बाद घर पर ही रहता है। शराब पीकर मारपीट और गाली-गलौच करता है। एक दिन उसने जबरन शराब पिलाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। सास और ननद भी दहेज के लिए प्रताड़ित करती है।
पिता ने दिए 40 हजार रुपए
पति के तानों से तंग आकर पीड़िता ने अपने पिता को बताया तो उन्होंने 40 हजार रुपए लाकर हरफूल को दिए। इसके बाद भी पति, सास और ननद प्रताड़ित करते रहे। हरफूल गुस्से में बच्चों को भी पीटते। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला अपने बच्चों के साथ पीहर आकर रहने लगी।
यहां खुद ही बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। बच्चों को पढ़ा रही है। अब आरोपी यहां आकर धमकियां देने लगा है। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर एसआईटी महिला सेल को जांच सौंपी है।
SOURCE : Dainik Bhaskar (दैनिक भास्कर)
