अजमेर : एक युवक काे पैसे चुकाने के लिए बुलाकर अपहरण कर मारपीट करने व सोने की चैन व अस्सी हजार रुपए छीनने का मामला सामने आया है। घायल युवक को सेदरिया चौराहे पर पटक गए, जिसे लोगों ने जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के भाई की रिपोर्ट पर दो महिलाओं सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मायापुर जिला अजमेर निवासी लाल सिंह पुत्र छोटूसिंह रावत ने रिपोर्ट देकर बताया कि 28 फरवरी को शाम को उसके भाई भागचन्द का फोन आया कि उसके साथ मारपीट हुई है और वह अस्पताल में भर्ती है। इस पर वहां गया और उससे पूछा तो उसने बताया कि वह परबतपुरा बाइपास पर था और तब छगन पुत्र शैतान सिह का फोन आया कि तू जो तीन लाख रुपए मांगता है, वह पालरा चौराहे पर आक ले जा। जब वहां पहुंचा तो छगन सिह पुत्र शैतान सिह , तारा पत्नी छगन सिह , शैतान की सास रुकमा, ससूर तुलछा सिह व राजू जो जुतरी बाडिया पालरा के रहने वाले मिले।
उनके पास एक पिकअप थी, उसे जबरदस्ती डाल कर अपने मकान के कमरे पर ले गए तथा उसके साथ लाठी सरियों से मारपीट की। जिससे हाथ व पैरों में फ्रेक्चर हुए। इन लोगों ने उसकी सोने की चेन व 80 हजार रुपए छीन लिए। बाद में सेदरिया चौराहा पर पटकर चले गए। जहां से उसे ज्ञानी पुत्र रतन, चन्द्रसिंह ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भागचन्द का खुद का ट्रक है और ड्राइवरी भी करता है।
Source : दैनिक भास्कर