| SOURCE : GOOGLE |
--- विद्या भारती राजस्थान क्षेत्र के प्रवासी कार्यकर्ताओं की तीन दिवसीय बैठक पुष्कर में शुरू
अजमेर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विद्या भारती संस्थान के राजस्थान क्षेत्र के प्रवासी कार्यकर्ताओं की तीन दिवसीय बैठक 21 फरवरी से अजमेर के पुष्कर स्थित वैष्णव धर्मशाला में शुरू हुई। इस बैठक में विद्या भारती के कार्यकर्ताओं की शैक्षिक गतिविधियों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक के शुभारंभ के अवसर पर 21 फरवरी को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के संगठन मंत्री शिवप्रसाद, संस्थान के अध्यक्ष और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भरत राम कुमार, लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. परमेंद्र दशोरा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के उस बयान की घोर निंदा की जिसमें महाराणा प्रताप और मुगल शासक अकबर के बीच सत्ता संघर्ष होना बताया गया था।
विद्या भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि अकबर तो विदेशी आक्रमणकारी था, जिसने भारत की संस्कृति को नष्ट भ्रष्ट करने का प्रयास किया। जबकि महाराणा प्रताप देश की अस्मिता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए बिना झुके जीवन भर संघर्ष करते रहे।
| SOURCE : GOOGLE |
ऐसे महाराणा प्रताप के त्याग, तपस्या, संघर्ष को केवल का सत्ता का संघर्ष बताकर डोटासरा ने राष्ट्रीय स्वाभिमान को कलंकित करने का कृत्य किया है। उन्होंने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के माध्यम से शुद्ध रूप में राष्ट्रीय जीवन मूल्यों के पोषण का कार्य कर रही है।
ऐसे में हमारे कार्य से प्रेरित होकर अपने महापुरुषों के प्रति अंग्रेजों के द्वारा रटाए गए मिथ्या इतिहास की गुलामी से आज समाज मुक्त होता दिखने लगा है। लेकिन आज भी राजनीति के स्वार्थ के कारण कुछ राजनेता अपने महापुरुषों के गौरव और स्वाभिमान को शर्मसार करने की निर्लज्ज चेष्टा कर रहे है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि अंग्रेजों के समय भारत के इतिहास को किस विचारधारा के साथ लिखा गया था।
| SOURCE : GOOGLE |
आजादी के बाद ऐसे इतिहास की सच्चाई सामने लानी चाहिए थी, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों ने भारत के स्वाभिमान के बजाए अपने स्वार्थ को महत्व दिया। यही वजह है कि हमारे अनेक वीर योद्धाओं के इतिहास का सही चित्रण नहीं हो सका है।
विद्या भारती का प्रयास है कि महाराणा प्रताप जैसे अनेक वीर योद्धाओं का सही इतिहास समाज के सामने आए। लेकिन अफसोसनाक है कि कांग्रेस के नेता हमारे महान योद्धाओं को कमजोर साबित करने में लगे हुए हैं। ऐसे लोग विदेशी आक्रमणकारियों का गुणगान करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब देश के लोगों के सामने इतिहास का सच सामने आने लगा है। विद्या भारती का प्रयास रहेगा कि इतिहास के बारे में लोगों को खासकर युवाओं को सही जानकारी दी जाए।
SOURCE : S.P.MITTAL BLOGGER