पायलट ने गाया गाना- जीना यहां, मरना यहां : 50 साल कहीं नहीं जाने वाले बयान से जोड़कर ​निकाले जा रहे सियासी मायने

 

 

पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट का राजधानी के एक चैरिटी शो में गाया गाना चर्चा का विषय बन गया है। सचिन पायलट अल्बर्ट हॉल पर रोटरी क्लब के कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने यहां 1970 में आई फिल्म मेरा नाम जोकर का गाना 'जीना यहां, मरना​ यहां, इसके सिवा जाना कहां' सुनाया।

पायलट के इस गाने को उनके समर्थक खूब शेयर कर रहे हैं। पायलट ने भले चैरिटी शो में यह गाना गाया हो, लेकिन इसकी सियासी हलकों में खूब चर्चा है।

कांग्रेस संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने पर राजस्थान से दूर जाने की अटकलों पर सचिन पायलट ने एक कार्यक्रम में कहा था, मैं 50 साल कहीं नहीं जाने वाला। पायलट राजस्थान से लगातार कनेक्टेड रहने और यहीं सियासत करने की बात कह चुके हैं। इस गाने के बोल भी उसी बयान की तरफ ही इशारा करने वाले हैं।

गौरतलब है कि सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक-दूसरे के विरोधी हैं। पिछले महीने मंत्रिमंडल विस्तार में पायलट समर्थकों को जगह मिलने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि वे अब दिल्ली की राजनीति करेंगे। इन कयासों पर उन्होंने खुलकर कहा था, 'मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।

#sachinpilot #rajasthannews #pilotsangthesong

Tags